उपेक्षित हमीरपुर शहर हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश का जिला हमीरपुर विश्व में सब से अधिक सुशिक्षित जिला है और घनत्व की दृष्टि से भी यह जिला सारे देश में अग्रणी स्थान रखता है। हिमाचल प्रदेश का भी यह केंद्र स्थल है जहां से चारों ओर के लिए रोड बने हुए हैं, वैसे भी जलवायु की दृष्टि से जिला हमीरपुर सब से श्रेष्ठ और सुंदर जिला है। विश्व युद्ध से लेकर के आज तक जितने भारत के साथ युद्ध हुए हैं, उन में भी सबसे अधिक, इसी जिले से वीर सपूत शहीद हुए हैं परंतु इस जिले का मुख्यालय हमीरपुर शहर आज तक पर्यटन विभाग, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। वीर शहीदों की स्मृति में हमीरपुर में आज तक कोई शहीद स्मारक तक नहीं बना सका है और ना ही किसी ने बनाने का प्रयास किया है, ना ही उन्हें सम्मान देने के लिए किसी ने दिमाग लड़ाया है। स्वर्गीय रूप सिंह फूल जी के प्रयास से हमीरपुर शिक्षा का हब बनता जा रहा है मगर उन की स्मृति में भी कोई स्मारक नहीं बनाया गया है। देश-विदेश से आने वाले लोगों के लिए यहां पर कोई विशाल पार्क तक नहीं बनाया गया है, ताकि किसी दर्शनीय स्थल को देखने के लिए विदेशी और स्वदेशी यात्री वहां घूम सके और वे हमीरपुर की यादगारें मन में संजोकर अपने घर जा सके, यहां तक की यदि कोई मानसिक रूप से थका हुआ कर्मचारी, व्यापारी, अधिकारी या सामान्य व्यक्ति मन को बहलाने के लिए कहीं घूमना चाहे तो भी उसे घूमने के लिए कोई आकर्षक स्थल नहीं है, जब कि अन्य प्रदेशों में एक ही शहर में कई बड़े-बड़े स्मारक, पार्क उद्यान चिड़ियाघर बने हुए हैं, जहां जा कर के लोग भ्रमण भी करते हैं और वहां के दृश्यों का आनंद भी लेते हैं मगर जिला हमीरपुर का ऐसा नालायक नेतृत्व रहा है, जिस के दिमाग में हमीरपुर शहर की यह समस्या जरा भी नहीं खटकती हैं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने जब उत्तर प्रदेश के लखनऊ में विशाल अंबेडकर पार्क, रमाबाई पार्क आदि बनवाए तो यही भाजपा और कांग्रेस धन की बर्बादी के इल्जाम लगा कर के उन की दिन रात आलोचना करती रही थी, परंतु आज जब हम लखनऊ जाते हैं तो वहां देखने के लिए दर्शनीय स्थल मिलते हैं जो तत्कालीन इतिहास को भी दर्शाते हैं और कारीगरों की कारीगरी, कलाकारों की कलाकारी को भी प्रदर्शित करते हैं परंतु हमीरपुर शहर में ऐसा कोई भी दर्शनीय स्थल नहीं है जहां घुमक्कड़, यात्री उन के माधुर्य और सौंदर्य का आनंद ले सकें और हमीरपुर शहर की यादें मन में संजो कर अपने देश जा सकें। बहुजन मुक्ति पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश महासचिव राम सिंह शुकला ने केंद्र व राज्य सरकार से आग्रह किया है कि हमीरपुर को एक मॉडल शहर बनाने के लिए तत्काल कोई योजना बनाई जाए और यहां वन विभाग के सौजन्य से उच्च स्तर के पार्क बनवाए जाएं और चिड़ियाघर का भी निर्माण किया जाए ताकि देश-विदेश से आने वाले सैलानियों और घुमक्कड़ों के लिए घूमने के लिए दर्शनीय स्थल उपलब्ध हो सकें।जिला हमीरपुर भी पर्यटन की दृष्टि से पर्यटक स्थलों में शामिल किया जा सके। यदि इस वर्ष बहुजन मुक्ति पार्टी सत्ता में आई तो हमीरपुर को विश्व का सर्वश्रेष्ठ शहर बनाने का प्रयास किया जाएगा, वीर शहीदों के सम्मान के लिए शहीद स्मारक भी बना कर हमीरपुर में हवाई और रेल सेवाएं आदि सभी का प्रबंध किया जाएगा।
रामसिंह शुकला।
महासचिव।
वहुजन मुक्ति पार्टी।
हिमाचल प्रदेश।
Comments
Post a Comment